ग्वालियर, 30 सितंबर: संगठन मजबूती के लक्ष्य के साथ प्रदेश भर में जारी समृद्ध संगठन अभियान के तहत अपना दल (एस) की एक अहम संभागीय बैठक का आयोजन शनिवार को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के लिए ग्वालियर में किया गया। राजनीतिक रणनीतिकार अतुल मलिकराम की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का उद्देश्य मध्य प्रदेश में संगठन की रणनीतियों और भावी दिशा-निर्देशों पर चर्चा करना था। बैठक में जिलास्तरीय, व प्रादेशिक पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। बैठक में मुख्यरूप से पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और सुदृढ़ बनाने व आगामी गतिविधियों के लिए एक ठोस रणनीति तैयार करने पर विचार विमर्श किया गया।
इस मौके पर अतुल मलिकराम ने पार्टी के समृद्ध संगठन अभियान की महत्वता पर जोर देते हुए कहा कि, “हम प्रदेश में तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनने के लिए तत्पर हैं और यह कार्यकर्ताओं की संगठित एकता के बल पर ही संभव है। संगठन विस्तार के लिए प्रत्येक सदस्य के समर्पण व योगदान की आवश्यकता है।” बैठक में कार्यवाहक महासचिव रोहित चंदेल, कार्यवाहक सचिव इक़बाल पटेल समेत उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जानकारी साझा की और संगठन को अधिक व्यापक रूप में स्थापित करने के लिए नए सुझाव जाहिर किए।

बता दें कि प्रदेश में अपना दल (एस) तेजी से संगठन विस्तार की योजना पर कार्य कर रह रही है, जिससे सम्बंधित कई क्षेत्रीय गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। पार्टी की योजना प्रत्येक संभाग, जिले व ब्लॉक स्तर पर नए कार्यकर्ताओं को साथ जोड़ने की है। पार्टी के लिए ग्वालियर-चंबल क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि उत्तर प्रदेश से जुड़े होने के नाते यहां पार्टी कार्यकर्ता पिछले लम्बे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जानकारों का मानना है कि अपना दल (एस) के समृद्ध संगठन अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और पार्टी के आगामी राजनीतिक कदमों के लिए मजबूत नींव तैयार हुई है।