मध्यप्रदेश शाजापुर

शाजापुर| मणिपुर घटना का जयस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया: रैली निकालकर किया प्रदर्शन

कबीर मिशन समाचार| मांगीलाल भिलाला तहसील संवाददाता शाजापुर

शाजापुर -मणिपुर में कुकी महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म और नग्न परेड की घटना के साथ ही वहां चल रही जातीय हिंसा के विरोध में शाजापुर में सोमवार को जयस कार्यकर्ताओं ने वाहन रैली निकालकर घटना पर विरोध जताया। जयस ने बंद का भी आवाहन किया था। वहीं, एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शाजापुर के पंडित बालकृष्ण शर्मा नवीन महाविद्यालय के कॉलेज गेट पर विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला फूंका।

जानकारी के अनुसार, जयस के बंद का असर देखने को नहीं मिला। जयस कार्यकर्ताओं ने प्रतिष्ठानों पर जाकर व्यापारियों को फूल भेंट कर प्रतिष्ठान बंद रखने का आग्रह किया। जयस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान नारेबाजी भी की।

जयस ने इसके पहले राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मांग की थी कि इन बेहद घृणित अपराधों के दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले, दुष्कर्म और हत्या करने वालों के केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर उन्हें कड़ी सजा दी जाए। शिविरों में रह रहे पीड़ितों के लिए उचित व्यवस्था की जाए और उनके घर लौटने के प्रबंध किए जाएं। सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। मणिपुर की सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।

जयस के जिला अध्यक्ष सुनील भिलाला ने बताया कि मणिपुर की घटना के विरोध में 31 जुलाई को भारत बंद का आवाहन किया गया था। जिसके चलते शाजापुर जिले में भी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखकर रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया।

About The Author

Related posts